40 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज वसूलने वाली मुख्य आरोपी सीमा यादव गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर रखकर देती थी धमकी, तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

दुर्ग, जरूरतमंद लोगों को ब्याज पर रकम देकर 40 प्रतिशत प्रतिमाह तक ब्याज वसूलने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव (39) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को दो नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की गई।

पुलिस के अनुसार, वैशाली नगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने आर्थिक परेशानी के चलते सीमा यादव से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बदले आरोपियों ने 40 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज तय कर इंडियन बैंक के आठ ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर रख लिए थे। प्रार्थिया से 29 सप्ताह में 72,500 रुपये वसूलने के बाद भी अतिरिक्त रकम की मांग की जा रही थी।

इसी तरह उसकी सहेली सुमिता ताम्बोली से एक लाख रुपये के बदले 28 सप्ताह में 1.40 लाख रुपये ब्याज वसूले जाने की शिकायत मिली थी। रकम नहीं देने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने, बेटी की हत्या करने और घर से बेघर करने की धमकी देने का आरोप है।

3.79 लाख रुपये नकद और ब्लैंक चेक बरामद

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3,79,900 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक, कोरे स्टाम्प पेपर और ब्याज के हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की हैं। बबली साहू उर्फ बबली निरंजन और ज्योति निरंजन को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। प्रमोद साहू भी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

फरार मुख्य आरोपी सीमा यादव की तलाश के बाद पुलिस ने उसे दो नवंबर को दोपहर 1.10 बजे गिरफ्तार किया। मामले में थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और कर्ज एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ब्याज पर रकम लेते समय शर्तों की पूरी जानकारी लें और सुरक्षा के नाम पर किसी को भी ब्लैंक चेक या हस्ताक्षरित कोरे स्टाम्प पेपर न दें। अवैध ब्याज वसूली और धमकी की शिकायत तत्काल पुलिस से करें।

Link : https://shricgnewscreator.com/main-accused-seema-yadav-who-charged-40-percent-monthly-interest-arrested/

Share This Article