भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे देखा गया था शव, पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के पास चलाया गया सर्च ऑपरेशन
दुर्ग, शिवनाथ नदी के तेज बहाव में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दुर्ग एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने नदी के बहाव की दिशा में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के पास से शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में मृतक की पहचान दुर्ग निवासी 39 वर्षीय रामेश्वर नेताम के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को जिला कंट्रोल रूम दुर्ग के माध्यम से सूचना मिली कि भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे शिवनाथ नदी के तेज बहाव में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ देखा गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम तत्काल रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद रेस्क्यू टीम ने नदी के तेज बहाव और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। टीम ने नदी की धारा की दिशा में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयासों के बाद पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के पास शव को खोजकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्राथमिक शिनाख्त एवं जांच के बाद मृतक की पहचान रामेश्वर नेताम पिता छबिलाल नेताम, उम्र 39 वर्ष, निवासी शिवपारा, दुर्ग के रूप में हुई। शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और मर्ग जांच के लिए मौके पर मौजूद थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी नगपुरा के पुलिस बल को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नदी में व्यक्ति का शव किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Link : https://shricgnewscreator.com/the-body-of-a-39-year-old-man-was-found-drifting-in-the-strong-current-of-the-shivnath-river-it-was-recovered-by-the-sdrf/









