केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के दुर्ग आगमन पर बदलेगी यातायात व्यवस्था, कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो एंट्री

Editor
By Editor 5 Min Read

30 अक्टूबर को कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने जारी किया रूट और पार्किंग प्लान, बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव में व्यवस्था; चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल निर्धारित

दुर्ग, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के 30 अक्टूबर को दुर्ग आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम में संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए रूट निर्धारित करने के साथ पार्किंग स्थल भी तय किए हैं। इसके अलावा वीवीआईपी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव में गेट नंबर 4 से 8 तक प्रवेश कर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए भारती विश्वविद्यालय, प्रताप बिजनेस पार्क और नवकार परिसर को पार्किंग स्थल बनाया गया है। वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग महेश कॉलोनी में निर्धारित की गई है।

धमधा-अहिवारा से आने वाली बसों के लिए निर्धारित मार्ग

धमधा और अहिवारा की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने आने वाली बसें धमधा नाका से ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक और पुलगांव चौक होते हुए लक्ष्मी मार्केट पुलगांव पहुंचेंगी। यहां गेट नंबर 4 से 8 तक प्रवेश कर निर्धारित पार्किंग स्थल पर बसें खड़ी की जाएंगी।

अलग-अलग दिशाओं से आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग

पाटन और भिलाई की ओर से आने वाले चारपहिया एवं दोपहिया वाहन जेल तिराहा, महाराजा चौक और पोटिया चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क में पार्क किए जाएंगे।

बालोद और अंडा की ओर से आने वाले वाहन अंडा, चंदखुरी और पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क पहुंचेंगे।

धमधा और अहिवारा की ओर से आने वाले छोटे वाहनों के लिए धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, पटेल चौक और गंजपारा तिराहा होते हुए नवकार परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यह पार्किंग पुलगांव नाला के पहले निर्धारित की गई है।

इसी तरह राजनांदगांव और अंजोरा की ओर से आने वाले वाहन अंजोरा बाईपास, अंजोरा और पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क में अपने वाहन खड़े करेंगे।

रायपुर और वैशाली नगर की ओर से आने वाले वाहन कुम्हारी, पावर हाउस, गुरुद्वारा तिराहा, मालवीय नगर चौक, जेल तिराहा और महाराजा चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय अथवा प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग करेंगे।

वीवीआईपी मार्ग पर दुकानें और ठेले लगाने पर प्रतिबंध

कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक वीवीआईपी मार्ग निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के भारी वाहन खड़े करने के साथ ही दुकानें और ठेले लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने संबंधित मार्ग के आसपास के लोगों और व्यापारियों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

दुर्ग शहर में भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों की नो एंट्री

केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम के दौरान 30 अक्टूबर को दिन के समय दुर्ग शहर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित मार्गों में गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा-महमरा रोड शामिल हैं।

विशेष बात यह है कि सामान्य दिनों में दोपहर 12 से 2 बजे तक नो एंट्री में मिलने वाली छूट भी 30 अक्टूबर को मान्य नहीं होगी। ऐसे में मालवाहक वाहन चालकों को अपनी आवाजाही की योजना इसी के अनुरूप बनाने की सलाह दी गई है।

यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचने के साथ ही यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने कहा गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान शहर में आवागमन सुचारु बना रहे और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Link : https://shricgnewscreator.com/traffic-arrangements-to-be-altered-for-union-minister-jp-naddas-visit-to-durg-heavy-vehicles-barred-from-several-routes/

Share This Article