2-3 दिन में डी कैबिन पहुंचकर नागरिकों व जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे डीआरएम, सांसद विजय बघेल के समक्ष भी उठाया गया मामला
भिलाई, चरौदा,डी कैबिन, में लोकल ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्रीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान रेलवे प्रशासन से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। धरना स्थल से ही नगर निगम भिलाई-चरोदा के उपनेता प्रतिपक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने डीआरएम से दूरभाष पर चर्चा कर क्षेत्र की समस्याओं और लोकल ट्रेन स्टॉपेज की आवश्यकता से अवगत कराया।
चंद्रप्रकाश पांडेय के अनुसार, डीआरएम ने आश्वासन दिया है कि वे आगामी 2-3 दिनों के भीतर स्वयं डी कैबिन पहुंचेंगे और स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं को सुनने के साथ ही लोकल ट्रेनों के स्टॉपेज को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया जाएगा। डीआरएम के इस आश्वासन के बाद गुरुवार को किया जा रहा धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया।
हजारों लोगों के लिए जरूरी है स्टॉपेज
धरना स्थल पर क्षेत्र की समस्या बताते हुए कहा गया कि देवबलौदा, उरला सहित आसपास के गांवों और बस्तियों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, कर्मचारी, ग्रामीण तथा रोजाना अप-डाउन करने वाले लोग आवागमन करते हैं। लोकल ट्रेनों का डी कैबिन में स्टॉपेज होने से इन लोगों को काफी सुविधा मिल सकती है। वर्तमान में स्टॉपेज नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि डी कैबिन में लोकल ट्रेन का ठहराव होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को समय एवं किराये दोनों की बचत होगी। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन से जनहित में स्टॉपेज देने की मांग लगातार की जा रही है।
सांसद के समक्ष भी रखी गई मांग
चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि डी कैबिन में लोकल ट्रेन स्टॉपेज की मांग को लेकर क्षेत्र की जनता की समस्या सांसद विजय बघेल के समक्ष भी रखी गई है। सांसद द्वारा भी इस जनहित के मुद्दे को रेल प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि रेलवे अधिकारियों के साथ होने वाली आगामी चर्चा के बाद इस मांग पर सकारात्मक पहल होगी।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
धरना प्रदर्शन में लखेश्वर कोसरे, रोहित यादव, दिवेंद्र, हरीशंकर, गीता, रीता कुमारी, मनिका गिरी, मिनकछि मांझी, अंजनि निषाद, रिंकी कुमारी सहित देवबलौदा, उरला और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
धरना स्थगित होने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर डीआरएम के प्रस्तावित दौरे और रेलवे प्रशासन के साथ होने वाली चर्चा पर टिकी है। लोगों को उम्मीद है कि इस दौरान लोकल ट्रेन स्टॉपेज की मांग पर ठोस निर्णय की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
Link : https://shricgnewscreator.com/demand-for-local-train-stoppage-at-d-cabin-protest-called-off-following-drms-assurance/













