दुर्घटना के समय और कारणों का विश्लेषण कर दिन-रात लगाए जा रहे चेकिंग पाइंट, बिना हेलमेट, शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर विशेष निगरानी
दुर्ग, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के समय और कारणों का विश्लेषण कर उसी के अनुरूप दिन और रात में चेकिंग पाइंट लगाए जा रहे हैं। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब के नशे में वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सितंबर में 11 हजार से अधिक पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार सितंबर माह में 28 सितंबर तक वाहन चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 11,373 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें सबसे अधिक 6,672 मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने के हैं। वहीं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 626, शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 133 और तेज गति से वाहन चलाने वाले 167 वाहन चालक कार्रवाई की जद में आए हैं।
इसके अलावा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले 134 तथा दोपहिया वाहन में तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 1,175 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई है। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
दुर्घटना के समय के अनुसार चेकिंग
यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में केवल सामान्य चेकिंग तक अभियान सीमित नहीं रखा गया है। पूर्व में जिन स्थानों पर दुर्घटनाएं हुई हैं, वहां दुर्घटना के समय और कारणों का अध्ययन किया जा रहा है। इसके आधार पर संबंधित समय में विशेष चेकिंग पाइंट लगाए जा रहे हैं। इससे तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और अन्य लापरवाही के मामलों पर प्रभावी निगरानी की जा रही है।
दिन-रात जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस ने बताया कि ब्लैक और ग्रे स्पॉट पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना है, ताकि दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने वाहन चालकों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/traffic-police-crack-down-on-black-grey-spots-action-taken-against-over-11000-motorists-in-september/













