खूबचंद बघेल महाविद्यालय में बेटियों ने दिखाया खेल कौशल, दुर्ग की टीम ने मारी बाजी

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई-3 के खूबचंद बघेल महाविद्यालय में हुआ सेक्टर स्तरीय टेबल टेनिस मुकाबला

भिलाई, डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 के तत्वावधान में 24 सितंबर को सेक्टर स्तरीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छह महाविद्यालयों की महिला टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, आक्रामक स्मैश और प्रभावी डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बनाया। प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन भी किया गया।

कड़े मुकाबलों के बाद शासकीय कन्या महाविद्यालय दुर्ग की टीम ने बेहतर खेल रणनीति और शानदार प्रदर्शन के दम पर खिताब अपने नाम किया। भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई की टीम उपविजेता रही।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन, पर्यवेक्षक एवं सिलेक्टर डॉ. रितु दुबे, चिन्हित महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी लक्षमेंद्र कुलदीप तथा चयनकर्ता डॉ. रमेश कुमार त्रिपाठी और मनीष टोप्पो की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि इनमें मानसिक दृढ़ता, एकाग्रता और अनुशासन की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। यह उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को दर्शाता है।

फाइनल में दिखा रोमांच

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई और शासकीय कन्या महाविद्यालय, दुर्ग की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान आक्रामक स्मैश के साथ मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। कई रैलियों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंततः शासकीय कन्या महाविद्यालय दुर्ग की टीम ने बेहतर खेल रणनीति और संतुलित प्रदर्शन के आधार पर जीत दर्ज करते हुए विजेता ट्रॉफी हासिल की।

सभी मुकाबलों का तकनीकी संचालन मुख्य रेफरी पी. हरीश और रवि की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया।

विजेता और उपविजेता टीम को किया पुरस्कृत

समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. मनीष कालरा, प्राध्यापक डॉ. शीला विजय एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कार्यालयीन स्टाफ, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सफल आयोजन पर महाविद्यालय के खेल विभाग एवं समस्त स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Link : https://shricgnewscreator.com/daughters-showcase-sports-skills-at-khubchand-baghel-college-durg-team-emerges-victorious/

Share This Article