चालान, ई-साक्ष्य, मालखाना और बंदी सुरक्षा की समीक्षा; गणेश विसर्जन को लेकर भी दिए दिशा-निर्देश
भिलाई, पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें लंबित अपराधों, चालान पेशी, विवेचना, CCTNS रिकॉर्ड, ई-साक्ष्य, मालखाना और बंदी सुरक्षा की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को विवेचना में अनावश्यक देरी रोकने और निर्धारित समय में चालान पेश करने के निर्देश दिए गए। कम अपराध निराकरण वाले थानों को माह के अंत तक 75 प्रतिशत से अधिक निराकरण का लक्ष्य दिया गया। वर्ष 2025 से लंबित शिकायतों और साइबर अपराधों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।
हवालात में जहरीली और नुकीली वस्तुएं नहीं रखने तथा जाली, रोशनदान और साफ-सफाई की नियमित जांच के निर्देश दिए गए। जप्ती पत्रक, मालखाना रजिस्टर और CCTNS रिकॉर्ड का नियमित मिलान करने को कहा गया।
गंभीर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं में घटनास्थल से वैज्ञानिक व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने तथा आवश्यक पुलिस कार्रवाई की वीडियोग्राफी पर जोर दिया गया। आदतन अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गणेश विसर्जन को लेकर जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल, प्रमुख विसर्जन स्थलों पर गोताखोर व SDRF की व्यवस्था तथा संवेदनशील मार्गों पर निगरानी रखने को कहा गया। नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच के निर्देश भी दिए गए।
Link : https://shricgnewscreator.com/instructions-issued-for-the-speedy-disposal-of-pending-cases-at-the-crime-meeting/













