जामुल के कुरूद में हुई वारदात, पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
भिलाई, जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुरूद में शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान मारपीट के बाद ईंट और स्टील के गिलास से सिर व चेहरे पर वार किए जाने से पूरन भारती की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट और स्टील का गिलास भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे राज जोशी ने जामुल थाने में सूचना दी कि उसके मामा मनीष बघेल के दोस्त पूरन भारती को ईंट से मारकर घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ग्राम कुरूद में ममता मेडिकल के पास स्थित राज जोशी के मकान पर पहुंची। मकान के अंदर पूरन भारती जमीन पर घायल अवस्था में मिला। मौके पर एक ईंट पर खून के निशान भी मिले।
जांच और पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मनीष कुमार बघेल अपने दोस्त पूरन भारती के साथ राज जोशी के मकान पर आया था। वहां तीनों शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान बातचीत के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर पूरन भारती के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान राज जोशी ने ईंट और स्टील के गिलास से उसके सिर और चेहरे पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पूरन भारती की मौत हो गई।
घटना के संबंध में जामुल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 697/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राज जोशी (19) निवासी ममता मेडिकल के पास कुरूद और मनीष कुमार बघेल (40) निवासी ग्राम काशीडीह खोपली, चौकी मचांदूर, थाना उतई को गिरफ्तार किया। दोनों को 21 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक ईंट और एक स्टील का गिलास जब्त किया है। मामले में थाना जामुल पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी संभव हुई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक अथवा आपसी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। विवाद बढ़ने से पहले पुलिस को सूचना दें और कानून हाथ में लेने के बजाय वैधानिक माध्यम से शिकायत एवं सहायता प्राप्त करें।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-murdered-following-a-dispute-while-drinking-alcohol-struck-with-a-brick-and-a-steel-glass/













