देवबलौदा, जी. केबिन और चरोदा के सैकड़ों लोगों ने बताई परेशानी, रेलवे प्रबंधन से चर्चा का मिला आश्वासन
भिलाई, सी केबिन और डी केबिन स्टेशन पर रुकने वाली यात्री लोकल ट्रेनों के स्थायी रूप से बंद किए गए ठहराव को पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को देवबलौदा, जी. केबिन और चरोदा क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके भिलाई-3 स्थित निवास पर मुलाकात की। ग्रामीणों के साथ राम सूर्यवंशी (प्रदेश महासचिव, असंगठित कामगार व कर्मचारी कांग्रेस एवं जिला महामंत्री), दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से सी केबिन और डी केबिन स्टेशन पर रुकने वाली यात्री लोकल ट्रेनों का ठहराव रेलवे द्वारा स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके कारण आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के गांवों के करीब 500 से 700 लोग प्रतिदिन इन लोकल ट्रेनों के माध्यम से अपने कामकाज के लिए विभिन्न स्थानों पर आवागमन करते हैं। ट्रेनों का ठहराव बंद होने के बाद उन्हें दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।

ग्रामीणों ने भूपेश बघेल से आग्रह किया कि वे रेलवे प्रबंधन से चर्चा कर सी केबिन और डी केबिन स्टेशनों पर पूर्व की तरह लोकल ट्रेनों का ठहराव बहाल कराने के लिए पहल करें। साथ ही आम जनता को हो रही परेशानी का निराकरण कराने में सहयोग करने का अनुरोध किया।
इस पर भूपेश बघेल ने रेलवे प्रबंधन को आवेदन देने और संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को रेलवे प्रबंधन के समक्ष रखने की बात कही, ताकि ट्रेनों के ठहराव से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल हो सके।

इस दौरान भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे, केकेसी के प्रदेश उपाध्यक्ष सनातन, दुर्ग जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रेम मिश्रा, जिला सचिव ऋषभ तिवारी, एन शेखर राव, एन कोदंड रामू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान भारती राम सूर्यवंशी और राम सूर्यवंशी भी मौजूद थे।
Link : https://shricgnewscreator.com/villagers-met-bhupesh-baghel-to-seek-the-restoration-of-local-train-halts-at-the-c-d-cabin/













