भिलाई की गणेश समितियों की समस्या का त्वरित समाधान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय के हस्तक्षेप से मिली राहत

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच नगर निगम द्वारा गणेश उत्सव समितियों से लिए जा रहे किराये और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर भिलाई की बड़ी एवं छोटी गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। समितियों ने बताया कि नगर निगम की ओर से लिए जा रहे शुल्क एवं अन्य व्यवस्थागत परेशानियों के कारण गणेश उत्सव के आयोजन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न हो रही थीं, जिससे आयोजकों में चिंता का माहौल था।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने तत्काल संज्ञान लिया और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर विषय की जानकारी दी। चर्चा के दौरान गणेश उत्सव समितियों की परेशानियों को विस्तार से रखते हुए शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया। पाण्डेय के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई हुई और संबंधित समस्या का समाधान निकाल लिया गया।

समस्या के निराकरण की जानकारी मिलते ही भिलाई की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों में खुशी की लहर दौड़ गई। समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते समाधान होने से गणेश उत्सव की तैयारियां अब बिना किसी व्यवधान के आगे बढ़ सकेंगी। उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनभावनाओं को समझते हुए तुरंत पहल की और प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सकारात्मक परिणाम दिलाया।

गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पहल जनप्रतिनिधियों और समाज के बीच बेहतर संवाद का उदाहरण है। समय पर हुए समाधान से न केवल आयोजकों की चिंता दूर हुई है, बल्कि आगामी गणेश उत्सव को लेकर उत्साह भी बढ़ा है। पूरे शहर की गणेश उत्सव समितियों में इस निर्णय का स्वागत किया जा रहा है और उत्सव की तैयारियां अब और अधिक उत्साह एवं भव्यता के साथ जारी हैं।

Link : https://shricgnewscreator.com/prompt-resolution-of-issues-faced-by-bhilais-ganesh-committees-relief-secured-through-the-intervention-of-former-assembly-speaker-prem-prakash-pandey/

Share This Article