10 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा देने वाला बैंक मैनेजर गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

बड़े खाताधारकों की जानकारी लेकर गोल्ड ईटीवी में निवेश का देता था प्रलोभन, मुख्य आरोपी के खाते में जमा कराता था रकम

भिलाई,  निवेश पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत लाभ देने का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम निवेश कराने के मामले में सुपेला पुलिस ने एचडीएफसी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी (37) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक में अपने पद का लाभ उठाकर बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी प्राप्त करता था और उन्हें गोल्ड ईटीवी में निवेश का लालच देता था।

सेक्टर-7 निवासी राजू नामदेव ने शिकायत में बताया था कि आरोपियों के झांसे में आकर उसने 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपये निवेश किए थे। शुरुआत में उसे लाभांश दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया।

जांच में पुलिस को मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख सहित अन्य निवेशकों के बयानों और बैंक दस्तावेजों से राजकुमार की भूमिका के साक्ष्य मिले। आरोप है कि वह निवेशकों से चेक लेकर मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में राशि जमा करता था तथा शुरुआत में निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए अपने खाते से लाभांश देता था।

थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 961/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से किसी भी निवेश योजना में राशि लगाने से पहले उसकी वैधता और संस्था की पूरी जानकारी जांचने की अपील की है। अधिक या निश्चित लाभ का लालच देने वाली योजनाओं से सावधान रहने को कहा गया है।

Link : https://shricgnewscreator.com/bank-manager-arrested-for-luring-people-with-promise-of-10-monthly-profit/

Share This Article