बिजली-पानी की बदहाली पर पूर्व पार्षद ने महापौर को घेरा

Editor
By Editor 6 Min Read

राजेंद्र सोनी का आरोप- वार्डों में स्ट्रीट लाइट और मोटर संधारण का सामान तक नहीं, यूजर चार्ज लेने के बाद भी सफाई व्यवस्था बदहाल

भिलाई-3, नगर निगम भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र में बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर पूर्व पार्षद राजेंद्र कुमार सोनी ने महापौर और निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की शहर सरकार बनने के बाद से निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट बंद हैं और उनके संधारण के लिए निगम के पास आवश्यक सामान उपलब्ध नहीं है। इसके कारण लोगों को अंधेरे में आवाजाही करनी पड़ रही है।

पूर्व पार्षद सोनी ने आरोप लगाया कि वार्डों में पानी की मोटर खराब होने पर उसके संधारण के लिए भी पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं है। इससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर जनता बिजली, पानी, सड़क और सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर महापौर द्वारा विकास और बेहतर व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं।

गंदे पानी के डबरे में नहाने की तस्वीर का किया उल्लेख

राजेंद्र सोनी ने आरोप लगाया कि सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस से जुड़े लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक स्थान पर गंदे पानी से भरे डबरे की समस्या को लेकर लोगों को विरोध के तौर पर उसमें नहाने तक की स्थिति बनी। उनका कहना है कि इससे निगम की जमीनी व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कचरा उठाव और नाली सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

पूर्व पार्षद ने निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई वार्डों में नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है और नालियों की सफाई भी प्रभावित है। कभी-कभार नालियों से कचरा निकाला भी जाता है तो उसे ले जाने के लिए पर्याप्त ट्रॉली उपलब्ध नहीं होने से वह लंबे समय तक पड़ा रहता है।

उन्होंने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण के नाम पर प्रत्येक घर से 60 रुपये यूजर चार्ज लिया जा रहा है, लेकिन इसके अनुरूप सुविधा नहीं मिल रही है। सोनी का आरोप है कि कई स्थानों पर घर-घर कचरा लेने के बजाय कचरा वाहन को एक जगह खड़ा कर दिया जाता है और लोगों से वहीं कचरा डालने के लिए कहा जाता है।

वार्ड 16 और 17 में अंधेरे का आरोप

राजेंद्र सोनी ने दावा किया कि वार्ड क्रमांक 16 और 17 में लगातार दो-तीन दिनों से कई स्थानों पर अंधेरा पसरा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट खराब होने के बावजूद समय पर सुधार नहीं किया जा रहा है। इससे रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

आंदोलन की चेतावनी

पूर्व पार्षद राजेंद्र कुमार सोनी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली, पानी और सफाई सहित अन्य मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वार्डों के लोगों के साथ बैठक कर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नालियों से निकला कचरा लेकर महापौर और आयुक्त कार्यालय के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि वार्डों में जाकर लोगों से यूजर चार्ज नहीं देने की अपील की जाएगी। सोनी ने निगम प्रशासन से मांग की कि जनता से लिया जा रहा यूजर चार्ज यदि नियमित रूप से वसूला जा रहा है तो उसके अनुरूप घर-घर कचरा संग्रहण और सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

चुनाव में जनता देगी जवाब : सोनी

राजेंद्र सोनी ने कांग्रेस की नगर निगम सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए। हालांकि इन आरोपों के संबंध में उन्होंने कोई दस्तावेज या प्रमाण सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आगामी नगर निगम चुनाव में जनता कांग्रेस की सरकार को जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र की जनता मौजूदा शहर सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।

आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

पूर्व पार्षद ने नगर निगम आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय महापौर के आसपास रहने और उनकी जी-हुजूरी में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

सोनी ने कहा कि आने वाले समय में सत्ता परिवर्तन होने पर ऐसे अधिकारियों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा होगी। उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल वार्डों में बिजली, पानी, सफाई, नाली और कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Link : https://shricgnewscreator.com/former-councilor-surrounds-mayor-over-poor-electricity-and-water-supply/

Share This Article