भिलाई, भिलाई-3 रेलवे स्टेशन में मुख्य स्टेशन प्रबंधक (CSM) लखबीर सिंह मुंघेरा के सेवानिवृत्ति अवसर पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर लखबीर सिंह मुंघेरा को शुभकामनाएं दीं। सांसद विजय बघेल का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
लखबीर सिंह मुंघेरा ने भारतीय रेल में वर्ष 1991 में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। 35 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण करने के बाद वर्ष 2026 में वे सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि लखबीर सिंह मुंघेरा ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया है। मैंने उन्हें पिछले 10 से 15 वर्षों से करीब से देखा है। एक अधिकारी के रूप में उनकी कार्यशैली और व्यवहार सदैव प्रेरणादायक रहा है। उनकी सेवा में कभी कोई दाग नहीं लगा।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण संस्था में अधिकारियों को कई आदेश और निर्देशों का पालन करना पड़ता है, जिसे उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया। परिवार और समाज के प्रति भी उनका व्यवहार हमेशा सकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और रचनात्मक कार्यों में हमेशा खुशियां लेते रहें और दूसरों को भी खुशियां देते रहें। समाज में जहां जरूरत हो वहां जरूरतमंदों का सहारा बनकर सेवा करते रहें।
सांसद विजय बघेल ने बताया कि लखबीर सिंह मुंघेरा को उपभोक्ता सलाहकार समिति में जिम्मेदारी देने के लिए उनके द्वारा नियुक्ति पत्र भेजा गया है, ताकि उनके अनुभवों का लाभ समाज और रेलवे से जुड़े कार्यों में मिलता रहे।
इस अवसर पर लखबीर सिंह मुंघेरा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1991 में उन्होंने भुसावल (महाराष्ट्र) से रेलवे सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 1995 में दुर्ग आए और लगभग 28 वर्षों तक दुर्ग क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद भिलाई-3 रेलवे स्टेशन में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भिलाई-3 रेलवे स्टेशन में कार्यकाल के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का अवसर भी मिला। 31 अगस्त उनका सेवा का अंतिम दिन है, जिसके बाद वे अपना समय समाज सेवा में लगाने का प्रयास करेंगे।
समारोह में लखबीर सिंह मुंघेरा ने अपनी मधुर आवाज में गीत “उलझे हुए लम्हों की चटक सांझ तो होगी” प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं सांसद विजय बघेल ने भी “दीये जलते हैं, फूल खिलते हैं” गीत प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया।

सेवानिवृत्ति समारोह के अवसर पर सांसद विजय बघेल ने केक काटकर लखबीर सिंह मुंघेरा को शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन के अधिकारी-कर्मचारी, लखबीर सिंह मुंघेरा के परिवारजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/bhilai-3-station-manager-lakhbir-singh-munghera-retires-mp-vijay-baghel-lauds-his-tenure/













