नर्सरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा, घर और स्कूल में तैयार की आकर्षक राखियां
भिलाई, जी केबिन चरोदा स्थित संत कबीर पब्लिक स्कूल में शनिवार को रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए राखी बनाव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी सामग्रियों से बच्चों ने आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं।
प्रतियोगिता के दौरान नर्सरी, केजी-1 और केजी-2 के बच्चों ने अपने घरों से तैयार करके लाई गई राखियों का प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने विद्यालय में उपलब्ध कराए गए सामान से स्वयं राखियां तैयार कीं। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता का उपयोग करते हुए विभिन्न डिजाइनों और रंगों की सुंदर राखियां बनाईं।

प्रतियोगिता में कक्षा पहली से पांचवीं वर्ग में कक्षा पहली से चिन्मय साहू, कक्षा दूसरी से आराध्या शाह और कक्षा पांचवीं से युवराज जाट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर कक्षा पहली से आदित्य बर्मन, कक्षा चौथी से जीत सेनानी और कक्षा तीसरी से पल्लवी साहू रहीं।
इसी प्रकार नर्सरी, केजी-1 और केजी-2 वर्ग में देवांश तथा सूर्यांश महतो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैलाश बाग द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि व्योम विवार और हाशिफा मिर्जा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और संत कबीर साहेब के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी बनाई हुई राखियों का प्रदर्शन किया। शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रक्षाबंधन पर्व के महत्व तथा भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्य मोनाली पाल सहित शिक्षिकाओं कविता पाटिल, किरण यादव, निशा देवांगन, पिंकी महतो, सुषमा तांडी और अन्नू यदु का विशेष योगदान रहा। सभी शिक्षिकाओं ने बच्चों को राखी बनाने के दौरान आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन दयादास साहू ने किया। विद्यालय परिवार ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में कला, आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता और भारतीय त्योहारों एवं परंपराओं के प्रति रुचि विकसित होती है।
Link : https://shricgnewscreator.com/children-showcased-their-creativity-at-sant-kabir-public-school-young-artists-won-prizes-in-the-rakhi-making-competition/













