भिलाई-3, नगर निगम भिलाई-चरोदा के वार्ड क्रमांक 18 उत्तर वसुंधरा नगर के शक्ति चौक क्षेत्र में सड़क और नाली की सुविधा नहीं होने से रहवासी लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। जलभराव के कारण कच्चे रास्ते कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाते हैं, जिससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों के अनुसार बारिश होते ही कॉलोनी में जगह-जगह पानी जमा हो जाता है। पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी गड्ढों और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लंबे समय तक बनी रहती है।
वार्डवासियों का कहना है कि सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन और पार्षद से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
रहवासियों ने सवाल उठाया कि जब वे नियमित रूप से संपत्ति कर सहित विभिन्न करों और शुल्कों का भुगतान करते हैं, तो उन्हें सड़क, नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी होती है।

कचरा संग्रहण भी अनियमित
इलाके में कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर भी रहवासियों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि कचरा वाहन महीने में महज चार-पांच बार ही पहुंचता है, जबकि कचरा संग्रहण के लिए नियमित शुल्क लिया जाता है। इससे घरों में जमा कचरे को लेकर भी परेशानी बनी रहती है।
वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क और नाली का स्थायी निर्माण कराने के साथ जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने की मांग की है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि बार-बार शिकायत के बाद निगम प्रशासन कब तक समस्या का समाधान करता है।
Link : https://shricgnewscreator.com/full-taxes-inadequate-amenities-vasundhara-nagar-longs-for-roads-and-drains/













