‘अक्स जिंदगी के’ का हुआ विमोचन
रायपुर, साहित्य सृजन संस्थान, रायपुर ने अपना पंचम स्थापना दिवस शनिवार 23 अगस्त को स्थानीय वृंदावन हॉल में हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के ख्यातिनाम कवियों ने काव्य की ऐसी धारा बहाई कि श्रोता भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम में दिल्ली की सुप्रसिद्ध कवयित्री एवं विश्व रिकॉर्ड होल्डर पूनम माटिया, पटना से प्रीति सुमन, जबलपुर से बसंत कुमार शर्मा, बैतूल से राजकुमार कोरी और रायबरेली से गोविंद गज़ब ने शिरकत की। इन सभी कवियों ने अपनी ओजस्वी वाणी से समां बांध दिया।

स्थानीय रचनाकारों को भी ओपन माइक के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। इनके अलावा गीतकार राजकुमार धर द्विवेदी, ग़ज़लकार सुदेश मेहर और ममता खरे मधु ने काव्य पाठ कर खूब तालियां बटोरीं।

समारोह में संस्था के प्रति समर्पित पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे को विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं साहित्यकार ममता खरे मधु की पुस्तक ‘अक्स ज़िन्दगी के’ का विमोचन अतिथियों के करकमलों से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक डॉ. संजय अलंग (पूर्व आईएएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अजीत कुमार शर्मा ने की, विशिष्ट अतिथि आकाशवाणी, रायपुर के वरिष्ठ उद्घोषक प्रकाश उदय रहे, जबकि सफल संचालन उमेश कुमार सोनी ‘नयन’ ने किया।
Link : https://shricgnewscreator.com/foundation-day-decorated-with-literature-eminent-personalities-of-the-country-enthralled-the-audience-at-the-kavi-sammelan/













