समोसा ठंडा होने पर हुआ विवाद, युवक पर धारदार हथियार से हमला; दो आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 4 Min Read

सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर पर आई गंभीर चोटें, एम्स रायपुर में उपचार जारी

भिलाई, सुपेला थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास समोसा ठंडा होने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद दो युवकों ने एक युवक के साथ पहले मारपीट की और फिर धारदार हथियार से उस पर लगातार वार कर दिए। हमले में युवक के सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल का उपचार वर्तमान में रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में जारी है। मामले में सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात आदर्श पारा सुपेला निवासी अर्चना नेवारे ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पुत्र हिमांशु के साथ लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास दो लोगों ने मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला किया है।

शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने पर हुआ विवाद

बताया गया कि हिमांशु रात करीब 10 बजे शिव मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ वहां पहुंचे। हिमांशु ने उन्हें शराब और बाद में समोसा व पानी लाने के लिए कहा। करीब 11:15 बजे दोनों वापस आए और शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने हिमांशु के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर लगातार वार किए गए। हमले में उसके सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर में चोटें आईं।

डायल-112 से अस्पताल पहुंचाया, फिर एम्स किया रेफर

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की सहायता से घायल हिमांशु को शासकीय अस्पताल सुपेला पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल दुर्ग और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

कृष्णा नगर में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

घटना की रिपोर्ट मिलते ही थाना सुपेला पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी। पुलिस को आरोपियों के कृष्णा नगर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मामले में योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु (22), निवासी कृष्णा नगर, लोहार पारा, सुपेला तथा मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ (25), निवासी भीम नगर, देवांगन मोहल्ला, सुपेला को गिरफ्तार किया है।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 1227/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार की भी विधिवत जप्ती की गई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उनि चितराम ठाकुर, सउनि गंगाराम रावत, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत और धर्मेन्द्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी हिंसक अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/dispute-over-cold-samosa-leads-to-attack-on-youth-with-a-sharp-edged-weapon-two-accused-arrested/

Share This Article