तीन मासूम बच्चियों को लालच देकर बनाता था शिकार, 59 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

नड्डा-टॉफी का लालच देकर बच्चियों को बुलाता था घर, परिजनों की शिकायत पर छावनी पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

भिलाई, छावनी थाना क्षेत्र के कैंप इलाके में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने 59 वर्षीय आरोपी फिरोज मंसूरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह खाने-पीने की चीजों का लालच देकर बच्चियों को अपने घर बुलाता था और उनके साथ आपत्तिजनक कृत्य करता था। पीड़ित बच्चियों में दो सगी बहनें बताई जा रही हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इलाके में नड्डा, टॉफी और मुरकू बनाकर बेचने का काम करता है। इसी दौरान वह मोहल्ले की बच्चियों से परिचित हुआ और उन्हें खाने-पीने की चीजों का लालच देकर अपने घर बुलाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने बच्चियों के साथ यौन दुर्व्यवहार किया।

बताया गया है कि घटना करीब 10 से 11 दिन पुरानी है। बच्चियां डर और मानसिक दबाव के कारण शुरुआत में घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दे सकीं। बाद में उन्होंने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी बात बताई। बच्चियों से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने सोमवार रात छावनी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए छावनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी फिरोज मंसूरी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर छावनी थाने में अपराध क्रमांक 0567/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64(2)(एम), 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ित बच्चियों के बयान के आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।

बच्चियों का कराया जा रहा चिकित्सकीय परीक्षण

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित बच्चियों का नियमानुसार चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। इसके साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मामला नाबालिग बच्चियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखी है। विवेचना के दौरान पुलिस घटना की परिस्थितियों, आरोपी और बच्चियों के बीच संपर्क तथा अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Link : https://shricgnewscreator.com/59-year-old-accused-arrested-for-targeting-three-innocent-girls-by-luring-them/

Share This Article