बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने महिला पर डाला केमिकल, नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग, ग्राम अरसनारा के पास महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल से भरा डिब्बा भी जप्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया आई थी। इसी दौरान ग्राम कारंजा भिलाई निवासी महेश दास (30) पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज होकर मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा और टिन के डिब्बे में रखा बैटरी में पाए जाने वाला केमिकल उसके ऊपर छिड़क दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस टीम ने रातभर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित स्थानों पर पूछताछ की।

मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने ग्राम कारंजा भिलाई में घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं केमिकल युक्त डिब्बा जप्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को 18 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Link : https://shricgnewscreator.com/angered-by-the-woman-stopping-communication-a-young-man-threw-chemicals-at-her-nandini-nagar-police-have-arrested-the-accused/

Share This Article