ऑटो-ई-रिक्शा में लगेगा QR कोड, एक सप्ताह में होगा शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग बना डिजिटल रूप से ऑटो रजिस्ट्रेशन करने वाला छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला, आपात स्थिति में पुलिस को मिलेगी चालक और वाहन की तत्काल जानकारी

दुर्ग, जिले में ऑटो एवं ई-रिक्शा को डिजिटल रूप से रजिस्टर करने की दिशा में यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में रविवार को उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत रजिस्ट्रेशन कराने वाले प्रत्येक ऑटो और ई-रिक्शा को एक क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्यूआर कोड के माध्यम से ऑटो, ई-रिक्शा और उसके चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस के पास डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगी। किसी भी प्रकार की घटना, शिकायत अथवा आपात स्थिति में क्यूआर कोड के माध्यम से वाहन और चालक की पहचान करने में पुलिस को त्वरित सहायता मिलेगी। इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस की कार्रवाई भी अधिक प्रभावी और तेज हो सकेगी।

छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा दुर्ग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऑटो को क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल रूप से रजिस्टर करने वाला दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल ऑटो चालकों का पंजीयन करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।

उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया ऑटो चालकों के साथ-साथ ऑटो में सफर करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। डिजिटल रजिस्ट्रेशन के बाद वाहन और चालक की जानकारी पुलिस के रिकॉर्ड में उपलब्ध रहेगी, जिससे किसी घटना की स्थिति में संबंधित ऑटो की पहचान करना आसान होगा।

एक सप्ताह में सभी ऑटो का रजिस्ट्रेशन कराने का लक्ष्य

यातायात पुलिस दुर्ग ने जिले के सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से आवश्यक रूप से अपना रजिस्ट्रेशन कराने और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक पंजीकृत ऑटो को क्यूआर कोड दिया जाएगा। इस क्यूआर कोड के जरिए संबंधित वाहन एवं चालक की पहचान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

जनहित फाउंडेशन और लॉयन्स क्लब के प्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान जनहित फाउंडेशन के ऋषभ सोनी सहित लॉयन्स क्लब के पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। यातायात पुलिस ने इस पहल को नागरिक सुरक्षा और डिजिटल व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Link : https://shricgnewscreator.com/qr-codes-to-be-installed-in-auto-rickshaws-and-e-rickshaws-100-registration-to-be-completed-within-a-week/

Share This Article