भिलाई-चरौदा के उमदा चौक पर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी, व्यापक आंदोलन की चेतावनी
भिलाई, स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने के विरोध में भिलाई-चरौदा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार शाम उमदा चौक पर प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने की मांग करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महापौर निर्मल कोसरे, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, मोहन साहू, राम सूर्यवंशी, आशीष वर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के संबंध में आपत्ति फार्म भरवाए।
राकेश ठाकुर ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाना ऐच्छिक है कोई जरूरी नहीं है जबकि घर घर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया है बिजली बिल बहुत अधिक आने के कारण रोज रोजी कमाने वालो को इसमें सबसे दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है
प्रदर्शन के दौरान भिलाई-चरौदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार द्वारा शहरों और गांवों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्मार्ट मीटर योजना पर पुनर्विचार करना चाहिए।
महापौर ने कहा कि सरकार एक ओर महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बिजली के बढ़े हुए बिल से आम परिवार परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन घरों में टीवी और कूलर जैसी सामान्य सुविधाएं हैं, वहां भी हजारों रुपये के बिजली बिल पहुंच रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि स्मार्ट मीटर नहीं हटाए गए तो भिलाई-चरौदा निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
‘हमें स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट सरकार चाहिए’
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। उन्होंने कहा कि “हमें स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट सरकार चाहिए।” उनके अनुसार स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर योजना लागू की जा रही है। कांग्रेस इसका विरोध आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने सरकार से योजना वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान राम सूर्यवंशी, मोहन साहू, टेनेंद्र ठाकरे, आशीष वर्मा, बहल राम साहू, अशफाक अहमद, पप्पू चंद्राकर, मनोज मढ़रिया, मो. जुनेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/congress-protests-against-smart-meters-gets-people-to-fill-out-objection-forms/








