उड़ीसा से टाटा हैरियर कार में धुले ले जाया जा रहा था गांजा, पुलिस ने घेराबंदी कर एनएच-353 पर दबोचा; 74.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद, महासमुंद जिले की कोमाखान पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 114 किलो अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त टाटा हैरियर कार, तीन मोबाइल फोन और दो लाख रुपये नकद सहित कुल 74 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 57 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर एक सफेद रंग की टाटा हैरियर कार (एमएच-48-बीएच-8222) में तीन व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम टेमरी जांच नाका पर वाहन जांच शुरू कर दी। संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और कोमाखान चौकड़ी स्थित एनएच-353 पर वाहन को रोककर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नागराज पारधी (26), दिनेश माली (28) और सतपाल सिंह राजपूत (38) निवासी शिरपुर, जिला धुले (महाराष्ट्र) के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 114 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा उड़ीसा के बालीगुड़ा से लेकर महाराष्ट्र के नारदाना, धुले में खपाने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के तहत अपराध क्रमांक 115/2026 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जब्त सामग्री
- 114 किलो गांजा (कीमत 57 लाख रुपये)
- टाटा हैरियर कार (कीमत 15 लाख रुपये)
- 3 मोबाइल फोन (कीमत 30 हजार रुपये)
- 2 लाख रुपये नकद
इस कार्रवाई को पुलिस ने सटीक सूचना, सतर्क निगरानी और त्वरित समन्वय का परिणाम बताया है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Link : https://shricgnewscreator.com/komakhan-police-seized-114-kg-of-cannabis-worth-%e2%82%b957-lakh-and-arrested-three-interstate-smugglers-from-maharashtra/








