रेलवे ट्रैक पर खाली बोतलें और प्लास्टिक बीनते समय हुआ हादसा, जीआरपी और आरपीएफ ने शुरू की जांच
भिलाई, भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक रेलवे ट्रैक पर पानी की खाली बोतलें और प्लास्टिक एकत्र कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 8:50 बजे भिलाई-3 स्थित रेलवे के ओएचई कार्यालय के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भिलाई-3 स्टेशन के पहले बीच वाली पटरी से जसीडीह–वास्को डी गामा एक्सप्रेस तेज गति से गुजर रही थी। उसी समय अज्ञात व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर प्लास्टिक और खाली बोतलें बीनने में व्यस्त था। संभावना जताई जा रही है कि ट्रैक पर ध्यान केंद्रित होने के कारण उसे तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन का आभास नहीं हो सका और वह उसकी चपेट में आ गया।
हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी। सूचना मिलते ही दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पर किसी भी प्रकार की गतिविधि से बचें, क्योंकि तेज रफ्तार ट्रेनों के कारण ऐसे हादसे कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।
Link : https://shricgnewscreator.com/unidentified-person-dies-a-tragic-death-after-being-hit-by-a-train-in-bhilai-3/








