भिलाई, भारत-पाकिस्तान के बीच 1999 में कारगिल युद्ध के महान नायक और मरणोपरांत ‘वीर चक्र’ से सम्मानित शहीद कौशल यादव का शहादत दिवस आज हुडको स्थित उनके स्मारक स्थल पर पूर्ण आदर व श्रद्धा के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर शहीद के माता, पत्नी, पुत्र सहित परिवारजनों ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, पुलिस अधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने शहीद कौशल यादव के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।



इस अवसर को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउण्डेशन द्वारा एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर वीर शहीद को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ग्रुप कैप्टन प्रवीण कुमार ने शहीद कौशल यादव की शहादत को अविस्मरणीय करार दिया। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 1999 के दिन कारगिल में देश के लिए कौशल यादव वीरगति को प्राप्त हुए थे। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पवन कुमार निषाद ने कहा कि कौशल यादव की शहादत ने देश की रक्षा के प्रति युवाओं ने प्रेरणा जगाने का काम किया। इस दौरान महापौर नीरज पाल, एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी, छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष हरप्रीत सिंह, ओपी शर्मा, मनीष शर्मा, वीके सिंह, बेनी प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Link : https://shricgnewscreator.com/martyrdom-day-of-kargil-hero-and-vir-chakra-awardee-kaushal-yadav-observed-blood-donation-camp-organized/








