भिलाई के स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्राओं के चीखने और बेहोश होने से मचा हड़कंप

Editor
By Editor 3 Min Read

चार दिनों में 10–11 छात्राएं हुईं प्रभावित, केवल दोपहर पाली की कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं में सामने आए मामले; शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

भिलाई,  दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खम्हरिया के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं के अचानक चीखने, घबराने और बेहोश होने की घटनाओं से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया है। पिछले शुक्रवार से शुरू हुई इस घटना के बाद अब तक करीब 10 से 11 छात्राएं प्रभावित हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ अभिभावकों की भी चिंता बढ़ा दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभावित छात्राएं पहले अचानक तेज आवाज में चीखने लगती हैं। इसके बाद वे घबराहट की स्थिति में आकर बेहोश हो जाती हैं। हालांकि सभी छात्राओं को समय पर प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले शुक्रवार को तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया था। वहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आती रहीं।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, अब तक सामने आए सभी मामले केवल दोपहर की पाली में अध्ययनरत कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं से जुड़े हैं। वहीं, सुबह की पाली में संचालित कक्षाओं में इस प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई है। इसी कारण जांच का दायरा और भी गंभीरता से बढ़ाया गया है।

मामले की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को दे दी गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं। फिलहाल छात्राओं के बेहोश होने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि मामला स्वास्थ्य संबंधी है, मनोवैज्ञानिक कारणों से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। वहीं, छात्राओं के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Link :

भिलाई के स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्राओं के चीखने और बेहोश होने से मचा हड़कंप

Share This Article