भाजपा सरकार पर ग्रामीणों के साथ अन्याय का आरोप, बेघर किए गए लोगों के पुनर्वास और न्याय की उठाई मांग
दुर्ग, नकटी गांव के ग्रामीणों को कथित रूप से बेघर किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ने सोमवार को मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने ग्रामीणों के साथ अन्याय किया है और बिना उचित व्यवस्था के उन्हें विस्थापित किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने तथा उनके समुचित पुनर्वास की मांग की। नेताओं ने कहा कि सरकार को विकास कार्यों के नाम पर किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन नहीं करना चाहिए। यदि किसी कारणवश विस्थापन आवश्यक हो तो पहले प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक आवास, मुआवजा और सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नकटी गांव के लोगों के साथ जो व्यवहार किया गया है, उससे आम जनता में आक्रोश है। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिला महामंत्री एवं पाटन विधानसभा जामगांव आर के प्रभारी राम सूर्यवंशी, दुर्ग असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल वर्मा, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, ऋषभ तिवारी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए, उन्हें सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जाए।






