पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत, अनुशासन और आत्मरक्षा के महत्व पर दिया जोर
भिलाई, क्योकुशिनकॉन कराते एसोसिएशन भिलाई द्वारा रविवार, 28 जून 2026 को कराते बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कराते प्रशिक्षुओं ने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न बेल्ट श्रेणियों की परीक्षा दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर निर्मल कोसरे ने की। इस अवसर पर सुजीत बघेल, राम सूर्यवंशी (जिला महामंत्री एवं प्रभारी, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस, पाटन विधानसभा जामगांव आर), पार्षद भारती राम सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि भूपेश बघेल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कराते केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास कर राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं।
एसोसिएशन के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित बेल्ट परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों ने कराते की विभिन्न तकनीकों, काता, कुमिते और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया। परीक्षा के सफल आयोजन पर अतिथियों ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों के सम्मान तथा सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।






