डॉक्टर्स डे पर बीएमवाई चरोदा रेलवे अस्पताल के चिकित्सकों का सम्मान

Editor
By Editor 3 Min Read

एसईसीआर श्रमिक यूनियन ने जताया आभार, अस्पताल में मिनी ऑपरेशन थिएटर और प्राइवेट रूम जैसी नई सुविधाएं जल्द होंगी शुरू

भिलाई, रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बीएमवाई चरोदा रेलवे अस्पताल में जल्द ही महत्वपूर्ण सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस संबंध में डॉक्टर दिवस के अवसर पर साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (एसईसीआर) श्रमिक यूनियन, रायपुर की ओर से अस्पताल के चिकित्सकों का सम्मान किया गया। इस दौरान अस्पताल के विकास और कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में यूनियन प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवाओं के संचालन में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। चौबीसों घंटे अपनी सेवाएं देकर वे रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

डॉक्टरों की सेवाओं को किया नमन

मंडल समन्वयक बलाई शील ने कहा कि रेलवे चिकित्सक केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि कठिन परिस्थितियों में कर्मचारियों और उनके परिवारों का मनोबल भी बढ़ाते हैं। उनकी निस्वार्थ सेवा रेल परिवार के लिए प्रेरणादायी है। डॉक्टर दिवस पर उनका सम्मान करना पूरे रेल परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करने जैसा है।

अस्पताल में जल्द शुरू होगा मिनी ऑपरेशन थिएटर

बैठक में जानकारी दी गई कि बीएमवाई चरोदा रेलवे अस्पताल में जल्द ही मिनी ऑपरेशन थिएटर (मिनी ओटी) की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने के बाद सामान्य एवं छोटे ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर ही किए जा सकेंगे। इससे कर्मचारियों को अन्य अस्पतालों में रेफर होने या लंबे समय तक इंतजार करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय पर उपचार मिल सकेगा।

मरीजों के लिए बनेंगे आधुनिक प्राइवेट रूम

अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक प्राइवेट रूम भी तैयार किए जा रहे हैं। इन कमरों के शुरू होने से ऑपरेशन के बाद मरीजों को बेहतर, स्वच्छ और आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनके शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी।

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संयुक्त प्रयास

यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि श्रमिक यूनियन और रेलवे चिकित्सा विभाग के समन्वित प्रयासों से आने वाले समय में बीएमवाई चरोदा रेलवे अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार होगा। कर्मचारियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में डॉ. दुर्गेश कुमार सिन्हा, डॉ. जेड. वाई. स्वामी नायक, डॉ. औला तेजस यादव, डॉ. अनिर्द्ध सोनी, सचिव पी. बाबू राव (पीपी यार्ड), तपन सान्याल (ईएलएस), बी. आनंद राव (इंजीनियरिंग), मुद्रिका सिन्हा (भिलाई), किरण पति, एस.के. घोष, सौरभ, रूपेश, राजू, तिवारी, सूरी, चेतन, साहू, सोनी, राजेश, प्रशांत, श्यामसुंदर सहित श्रमिक यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article