एनएसपीसीएल के सीएसआर से भिलाई-चरौदा निगम को मिली बड़ी सौगात, दो आधुनिक मोबाइल टॉयलेट सौंपे

Editor
By Editor 2 Min Read

सार्वजनिक कार्यक्रमों, मेलों और धार्मिक आयोजनों में मिलेगी स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय व्यवस्था, महापौर ने जताया आभार

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा की जनसुविधाओं में एक और महत्वपूर्ण सुविधा जुड़ गई है। एनएसपीसीएल भिलाई ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत निगम को दो आधुनिक मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराए हैं। इनका उपयोग शहर में आयोजित होने वाले बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों, मेलों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले आयोजनों के दौरान नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।

महापौर निर्मल कोसरे ने इस सहयोग के लिए एनएसपीसीएल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोबाइल टॉयलेट की उपलब्धता से निगम की जनसेवा क्षमता में वृद्धि होगी और सार्वजनिक आयोजनों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम की प्राथमिकता है। इसी दिशा में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। एनएसपीसीएल की यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे आम नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।

मोबाइल टॉयलेट हस्तांतरण कार्यक्रम में एनएसपीसीएल के प्रतिनिधि सरफराज उपस्थित रहे। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मोहन साहू एवं वेंकट रमना, पार्षद डे साहब वर्मा, टेनेन्द्र ठाकरे, डी. वेंकट राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

नगर निगम ने एनएसपीसीएल के इस सहयोग को जनहित और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोगात्मक प्रयासों की अपेक्षा जताई। निगम का मानना है कि इस तरह की पहल से शहर में आयोजित होने वाले आयोजनों के दौरान नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी और स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

Share This Article