ग्रामीणों की शिकायत पर डीआरएम का एक्शन, ठेकेदार को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

Editor
By Editor 3 Min Read

भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेम लाल साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उठाई जनसमस्याएं, गुणवत्ताहीन निर्माण पर ठेकेदार को लगाई फटकार

भिलाई, नगर निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र के अत्यंत व्यस्त सिरसागेट रेलवे अंडरब्रिज के संधारण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद से क्षेत्र के ग्रामीणों ने भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेम लाल साहू एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एम. लक्ष्मण राव के नेतृत्व में मुलाकात कर जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

ग्रामीणों ने डीआरएम को बताया कि अंडरब्रिज को दो माह तक बंद रखने से हजारों विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इस पर डीआरएम दयानंद ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए संधारण कार्य एक माह के भीतर पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेम लाल साहू ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा कि ठेकेदार द्वारा बार-बार गुणवत्ताविहीन कार्य किए जाने के कारण अंडरब्रिज की सड़क पंद्रह दिनों के भीतर ही उखड़ जाती है, जिससे जनता को लगातार परेशानी और शासन को आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। इस शिकायत पर डीआरएम ने संबंधित ठेकेदार नितिन दास को कड़ी फटकार लगाते हुए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने के सख्त निर्देश दिए।

डीआरएम ने निर्माण कार्य की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों से प्रतिदिन कार्य की प्रगति का फोटो एवं जानकारी सीधे उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर भेजने का आग्रह किया। उन्होंने अंडर ब्रिज में जल भराव की समस्या के स्थाई समाधान हेतु ड्रेनेज व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा भारी वाहनों के आवागमन पर स्थायी रोक लगाने का भी आश्वासन दिया।
प्रेम लाल साहू ने कहा कि पुरैना, सोमनी, गनियारी, मोरिद, महका कला, पहड़ोर, करसा, घुंघवा,औंधी, नारधी एवं सिरसाकला सहित आसपास के अनेक गांवों से प्रतिदिन हजारों लोग शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं आवश्यक कार्यों के लिए भिलाई–3 आते जाते हैं यदि सिरसागेट अंडर ब्रिज लंबे समय तक बंद रहा तो लोगों को जी केविन चरोदा मार्ग से लगभग 6 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। जिससे समय, ईंधन और आर्थिक भार में अनावश्यक वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान रेलवे के सीनियर डी ई एन, ए ई एन, आई ओ डब्ल्यू सहित भाजपा नेता संतोष अग्रवाल, जी कनकेश्वर राव, खिलावन वर्मा, रमेश वर्मा, बालाजी, द्रौपदी यादव, चंद्रावती, ईश्वरी व अपन्ना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं रेलवे अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय–सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ संधारण कार्य पूर्ण करेगा, जिससे क्षेत्र वासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Share This Article