28 जून को लगभग 10 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य, 55 दल और 8 सुपरवाइजर तैनात
भिलाई, राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस (28 जून) के सफल संचालन को लेकर शनिवार को भिलाई-3 एवं चरोदा क्षेत्र के समस्त पोलियो दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के सभागार (प्रथम तल) में आयोजित प्रशिक्षण में बूथ संचालन, घर-घर सर्वे, बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया तथा अभियान के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का संचालन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के बीईटीओ सैय्यद असलम ने किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत भिलाई-3 एवं चरोदा क्षेत्र में लगभग 10 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 55 पोलियो दल, 8 सुपरवाइजर तथा एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 को अभियान का कोल्ड स्टोरेज प्वाइंट बनाया गया है, जहां वैक्सीन का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा।
भारत पोलियो मुक्त, फिर भी सतर्कता जरूरी
बीईटीओ सैय्यद असलम ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश घोषित हो चुका है, लेकिन एशिया के कुछ देशों में अब भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण केंद्र सरकार द्वारा नियमित रूप से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखना और पोलियो वायरस के किसी भी संभावित खतरे को रोकना है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
बूथ संचालन से लेकर घर-घर सर्वे तक दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पोलियो बूथ संचालन, घर-घर भ्रमण, छूटे हुए बच्चों की पहचान, वैक्सीन पिलाने की सही प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण तथा अभियान के दौरान अपनाई जाने वाली सभी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए गए कि बूथ दिवस के साथ-साथ घर-घर जाकर भी प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना सुनिश्चित करें।
रैली निकालकर किया जनजागरूकता का संदेश
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे बूथ दिवस पर अपने नवजात एवं 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने लाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास, श्रीमती शमीम बानो, सभी एमटी, स्वास्थ्य संयोजक एवं संयोजिकाएं, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पोलियो दल के सदस्य उपस्थित रहे।






