राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के व्यस्त बाजारों में चला विशेष अभियान, वर्ष 2026 में अब तक 3091 चालकों पर हुई कार्रवाई
दुर्ग, जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नो पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग तथा शहर के प्रमुख व्यस्त क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 107 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे लापरवाहीपूर्वक खड़े वाहनों को हटवाया गया तथा वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि यातायात प्रभावित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
व्यस्त बाजारों और मुख्य मार्गों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, व्यस्त चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर भी विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई जो सड़क पर खड़े होकर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि अनियंत्रित पार्किंग के कारण न केवल जाम की स्थिति बनती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
वर्ष 2026 में 3091 चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 3091 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नियमों के पालन को लेकर आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
हाईवे पर खड़े वाहन बन सकते हैं हादसे का कारण
अभियान के दौरान वाहन चालकों को जागरूक करते हुए बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और सार्वजनिक मार्गों पर अनियंत्रित पार्किंग गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। विशेष रूप से हाईवे पर खड़े वाहन तेज रफ्तार यातायात के लिए खतरा उत्पन्न करते हैं। इसलिए वाहन चालक केवल अधिकृत और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
अधिकारियों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की रही सक्रिय भूमिका
इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा हाईवे पेट्रोलिंग टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने समन्वित रूप से कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।






