अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भिलाई-3 आयुष योग वेलनेस सेंटर में हुआ भव्य आयोजन

Editor
By Editor 2 Min Read

जनप्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों और योग साधकों की सहभागिता से योगमय हुआ वातावरण

भिलाई, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को संचालनालय आयुष तथा जिला आयुष अधिकारी दुर्ग के मार्गदर्शन में आयुष योग वेलनेस सेंटर, भिलाई-3 में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आयुष विभाग के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में योग साधकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर, युवा महामंत्री उपकार चंद्राकर, वार्ड पार्षद प्रेमलता चंद्राकर, दिलीप पटेल, खिलावन वर्मा, फिरोज फारुकी सहित भारतीय जनता पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया।

योग प्रशिक्षण सत्र का संचालन डॉ. आकांक्षा मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में डॉ. अर्पिता शर्मा (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी), विनय निर्मलकर (फार्मासिस्ट), जया सिंह कोठारी, उषा निर्गमकर एवं भुवन निर्मलकर सहित आयुष विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर भिलाई-3 में नियमित रूप से योगाभ्यास करने वाली महिलाओं ने सामूहिक योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया। महिलाओं द्वारा किए गए विभिन्न योगासनों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Share This Article