भिलाई-3 थाना में कांग्रेसियों का जोरदार प्रदर्शन, भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की मांग

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भिलाई-3 थाना परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से पूर्व मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए सोशल मीडिया मंचों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुछ लोगों के द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी, आपत्तिजनक टिप्पणियां और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे न केवल पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है, बल्कि राजनीतिक माहौल को भी प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में महापौर निर्मला कोसरे, सभापति कृष्ण चंद्राकर, सुजीत बघेल तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने थाना परिसर में एकत्र होकर पुलिस प्रशासन के समक्ष ज्ञापन सौंपा और दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति, विशेषकर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेताओं के खिलाफ झूठी एवं भ्रामक सामग्री फैलाना उचित नहीं है। यदि किसी को विरोध दर्ज कराना है तो वह लोकतांत्रिक और तथ्यात्मक तरीके से करे, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह और भ्रम फैलाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने, संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
थाना परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वीडियो : भूपेश बघेल के समर्थन में कांग्रेसियों का प्रदर्शन, सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की मांग
Share This Article