भिलाई, भिलाई चरोदा निगम अंतर्गत ग्राम उरला (बी.एम.वाई.) में धड़ल्ले से चल रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भिलाई-3 स्थित पुरानी भिलाई थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर तत्काल एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ असामाजिक तत्व और अपराधी प्रवृत्ति के लोग लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बेच रहे हैं। इस अवैध धंधे के चलते गांव का सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है। शराबखोरी के कारण पारिवारिक कलह, मारपीट, विवाद और अपराध जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम विकास समिति ने कई बार संबंधित लोगों को समझाने और अवैध कारोबार बंद करने की कोशिश की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ आदतन अपराधी भी इस धंधे से जुड़े हुए हैं और उनके हौसले इतने बुलंद हैं कि वे प्रशासनिक कार्रवाई की परवाह किए बिना कारोबार चला रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति और कानून व्यवस्था कायम रह सके।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनआक्रोश और उग्र हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने ग्रामीणों को जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।






