कोड़िया धान खरीदी केंद्र में भीषण आग, 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर राख

Editor
By Editor 2 Min Read

नंदिनी थाना क्षेत्र में मची अफरा-तफरी, पराली जलाने से आग फैलने की आशंका; फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

दुर्ग, जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने धान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर राख हो गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खरीदी केंद्र के आसपास पराली जलाए जाने के कारण आग धान के भंडारण स्थल तक पहुंच गई और तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उसे नियंत्रित करने में काफी कठिनाई हुई। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत और पांच टैंकर पानी की सहायता से आग पर काबू पाया।

घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आग से हुए नुकसान और कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Share This Article