अखिल भारतीय रैंक 299 हासिल कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया, विद्यालय में उत्साह का माहौल
भिलाईनगर, 04 जून, जेईई एडवांस्ड 2026 के घोषित परिणामों में मैत्री विद्या निकेतन के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इस सफलता की अगुवाई करते हुए छात्र अथर्व ठाकुर ने अखिल भारतीय रैंक (AIR) 299 प्राप्त कर न केवल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अथर्व की इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सजिता थम्बी ने अथर्व ठाकुर को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अथर्व ने अपने लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

प्राचार्या ने अथर्व के माता-पिता एवं परिवारजनों को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सकारात्मक वातावरण, नैतिक समर्थन और निरंतर प्रोत्साहन ने अथर्व की सफलता की राह को मजबूत बनाया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और सतत सहयोग की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हुए हैं।
विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को मिली नई ऊंचाई
मैत्री एजुकेशनल एंड कल्चरल एसोसिएशन (MECA) के निदेशक श्री एस. सजीव ने कहा कि मैत्री विद्या निकेतन के विद्यार्थी स्थापना काल से ही इंजीनियरिंग, चिकित्सा एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के अग्रणी संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विद्यालय के लिए यह विशेष गर्व का विषय है कि जेईई एडवांस्ड जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का राज्य टॉपर मैत्री विद्या निकेतन से है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की मेहनत का प्रतिफल है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
अन्य विद्यार्थियों ने भी बढ़ाया मान
जेईई एडवांस्ड 2026 में सफलता प्राप्त करने वाले अन्य विद्यार्थियों में मोनीश कुमार साहू, मयंक ठाकुर एवं आदित्य कैमल का नाम भी शामिल है। इन विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाया है।
सभी सफल विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
मेका की अध्यक्षा के. राजम सुधाकरन, निदेशक एस. सजीव एवं एस. साजन, प्राचार्या डॉ. सजिता थम्बी, उप-प्राचार्या डॉ. बीना सजीव, प्रधानाध्यापिका निशी साजन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगणों ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शैक्षणिक जीवन के अगले चरण में निरंतर सफलता की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सफलता उन्हीं को प्राप्त होती है जो बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं, कठिन परिश्रम करते हैं और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। मैत्री विद्या निकेतन को अपने इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है, जिन्होंने पूरे प्रदेश में विद्यालय का नाम रोशन किया है।





