महंगाई भत्ते की 3% अतिरिक्त किश्त जारी करने की मांग, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को भेजा आग्रह

Editor
By Editor 3 Min Read

केंद्र के समान 60% महंगाई भत्ता देने की मांग, बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों का हवाला; कर्मचारियों के हित में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह

दुर्ग, छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड से प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की 3 प्रतिशत अतिरिक्त किश्त प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए कर्मचारियों को राहत देना आवश्यक हो गया है।

प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने बताया कि केंद्र सरकार ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए 1 जनवरी 2026 से इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है। वहीं राज्य में कार्यरत आईएएस एवं आईपीएस कैडर के अधिकारियों को भी 2 प्रतिशत वृद्धि के साथ 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में प्रदेश के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ते का लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालातों के कारण पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर से अधिक की वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है, जिससे कर्मचारियों के पारिवारिक बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है।

सैय्यद असलम ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों के प्रति संवेदनशील रहे हैं तथा समय-समय पर उनके हित में निर्णय लेते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार कर्मचारियों की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी स्वयं पूर्व में शासकीय सेवा से जुड़े रहे हैं और कर्मचारियों की आवश्यकताओं एवं चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। इसलिए उनसे भी कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ते में वृद्धि की घोषणा करने की अपेक्षा है।

इस मांग का समर्थन संघ के संरक्षक ओ.पी. शर्मा, प्रांताध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष आर.डी. दीवान, उप प्रांताध्यक्ष प्रमेश पाल, संभागीय अध्यक्ष अजय नायक, लिपिक वर्गीय प्रदेश संयोजक बी.के. शुक्ला, जिला अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता, नर्सिंग कैडर संयोजक  मंजू राय एवं जैकलीन डान सहित अनेक पदाधिकारियों ने किया।

इसके अलावा चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज अध्यक्ष केशव दास बंजारे, जिला अस्पताल दुर्ग अध्यक्ष राघवेंद्र साहू, रोशन सिंह, भूपेश उपाध्याय, एम.आर. शेख, एम. पंडैया, जी. मोहन राव,  आर. विश्वास, खिलावन चंद्राकर, स्मिता बागड़े, तृप्ति चंद्राकर, आलिया खातून, लक्ष्मी धोटे, धनीराम ठाकुर, कुलेश्वर देशमुख, कविता साहू, स्वर्णलता तुरकाने, दीपक गायकवाड़, मुकेश शर्मा, योगेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी राज्य सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

Share This Article