छिंदारी डैम में डूबे 14 वर्षीय बालक का शव एसडीआरएफ ने 40 फीट गहराई से निकाला

Editor
By Editor 2 Min Read

छुईखदान के छिंदारी डैम में नहाने के दौरान हुआ हादसा, डीप डाइविंग एक्सपर्ट्स ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, शव पुलिस को सौंपा

दुर्ग, छुईखदान क्षेत्र स्थित छिंदारी डैम में डूबे 14 वर्षीय बालक का शव राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर बालक के शव को पानी से बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम दुर्ग को छिंदारी डैम में एक बालक के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ के डीप डाइविंग विशेषज्ञों ने डैम में तलाशी अभियान शुरू किया। लगभग 40 फीट गहरे पानी में उतरकर गोताखोर राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जघेल ने सघन खोजबीन की। काफी प्रयासों के बाद बालक के शव को पानी से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मृतक की पहचान लक्ष्य पाल (14 वर्ष), पिता संजय पाल, निवासी भाटापारा, छुईखदान के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रेस्क्यू अभियान में इन जवानों ने निभाई अहम भूमिका

एसडीआरएफ द्वारा संचालित इस रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप जघेल, राजू महानंद, हबीब खान, राजेश नेताम, विनय, रमेश, शारदा एवं दिलीप सहित अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के समन्वित प्रयासों से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

एसडीआरएफ अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वर्षा और गर्मी के मौसम में जलाशयों, डैम एवं गहरे जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा बच्चों को बिना निगरानी के पानी के निकट न जाने दें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article