युविका : इसरो के युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम से प्रशिक्षण लेकर लौटी सेजस जामगांव आर की अमीषा निषाद

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने किया सम्मानित, पाटन क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण

पाटन, जामगांव आर क्षेत्र की होनहार युवा वैज्ञानिक अमीषा निषाद को दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने सम्मान चिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने अमीषा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि को जिले और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम युविका 2026-27 में सेजस जामगांव आर की छात्रा अमीषा निषाद का चयन हुआ था। अमीषा ने आंध्रप्रदेश स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में आयोजित दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर अंतरिक्ष विज्ञान एवं अनुसंधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

अमीषा निषाद, पिता उमेश कुमार निषाद, ने प्रशिक्षण पूर्ण कर वापस लौटने के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें कई वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ कार्य करने, विभिन्न प्रोजेक्ट्स एवं प्रायोगिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। साथ ही उन्हें भारत के गगन यात्री शुभांशु शुक्ला से संवाद करने का भी अवसर प्राप्त हुआ, जो उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा।

युविका कार्यक्रम के लिए छत्तीसगढ़ से कुल 13 विद्यार्थियों का चयन किया गया था, जिसमें दुर्ग जिले से एकमात्र अमीषा निषाद ने स्थान बनाया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल दुर्ग जिला बल्कि पूरा पाटन क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

इस अवसर पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने अमीषा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। अमीषा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Share This Article