गर्भवती महिलाओं और आम मरीजों को मिलेगा शीतल पेयजल, जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य सुविधाओं में सहयोग की अपील
भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में मरीजों और गर्भवती महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल वार्ड की पार्षद प्रेमलता चंद्राकर ने वोल्टास कंपनी का वाटर कूलर लगाने के लिए 9 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है। इस पहल से अस्पताल आने वाले मरीजों, परिजनों एवं गर्भवती महिलाओं को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगाए जाने वाले इस वाटर कूलर के माध्यम से सामान्य और ठंडा पानी दोनों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे गर्मी के मौसम में मरीजों को राहत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने पार्षद द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए इसे जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
इस अवसर पर सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल एवं बीईटीओ सैय्यद असलम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को स्वास्थ्य संस्थानों के विकास में इसी प्रकार आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को सुविधाजनक, सुव्यवस्थित और मरीज हितैषी बनाने के लिए समाज की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि क्षेत्र के लोग स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मरीजों की सुविधाओं के लिए सहयोग करें, तो सरकारी अस्पतालों में बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं। पार्षद प्रेमलता चंद्राकर की यह पहल निश्चित रूप से अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।




