ईद गीहा चौक पर तेज रफ्तार का तांडव, रॉन्ग साइड से आई कार ने मारी टक्कर

Editor
By Editor 3 Min Read

आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, एक नाली में जा घुसी; बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने से इलाके की सप्लाई बाधित

भिलाई। शहर में रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार रात भिलाई के ईद गीहा चौक (अवंती बाई चौक के आगे, मस्जिद के सामने) एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि दोनों वाहन चालकों को मामूली चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार एक कार रॉन्ग साइड से तेज गति में आती हुई दिखाई दी। उसी दौरान दूसरी कार अपनी सही दिशा में गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 19 वर्षीय युवक की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी और पास में लगे बिजली के पोल से टकरा गई।

हादसे की वजह से बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के घरों, दुकानों और इमारतों की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए प्रभावित हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

दूसरी कार, जो महावीर टाइल्स के संचालक की बताई जा रही है, भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबराकर बाहर निकल आए।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि ईद गीहा चौक और अवंती बाई चौक के आसपास अक्सर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही देखने को मिलती है। क्षेत्रवासियों ने यहां ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइविंग मानी जा रही है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Share This Article