अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का दुर्ग पुलिस ने किया पर्दाफाश

Editor
By Editor 4 Min Read

मेरठ से दो आरोपी गिरफ्तार, 60 लाख रुपये का सोना बरामद

भिलाई-दुर्ग समेत नवा रायपुर, बिलासपुर और जबलपुर की वारदातों का खुलासा

भिलाई, दुर्ग पुलिस ने सूने मकानों में दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम वजनी सोना, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक चोरी करने वाला और दूसरा चोरी का सोना खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक शामिल है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दुर्ग-भिलाई के अलावा नवा रायपुर, बिलासपुर और मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

एसएसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने मंगलवार दोपहर पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले कुछ समय से दुर्ग और भिलाई क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। नेहरू नगर भिलाई में विनय कुमार अग्रवाल के घर हुई चोरी सहित दुर्ग क्षेत्र की कई घटनाओं की जांच पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।

उन्होंने बताया कि थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। जांच के आधार पर पुलिस टीम को मेरठ और दिल्ली रवाना किया गया।

बिलासपुर से खरीदी एक्टिवा, फिर की रेकी

जांच के दौरान पुलिस ने मेरठ निवासी हासिम खान पिता जब्बार खान (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से एक्टिवा क्रमांक CG 10 AK 4136 खरीदी थी। इसके बाद दुर्ग और भिलाई के विभिन्न इलाकों में रेकी कर दिन में सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जाता था।

आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का सोना मेरठ स्थित सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। पुलिस ने इसके बाद ज्वेलर्स संचालक सलीम खान पिता अब्बास खान (28 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया।

मेरठ और भोपाल पुलिस का मिला सहयोग

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में मेरठ और भोपाल पुलिस का भी सक्रिय सहयोग मिला। गिरफ्तार ज्वेलर्स संचालक के पास से चोरी का करीब 400 ग्राम सोना बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह संगठित तरीके से अलग-अलग शहरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी विशेष रूप से दिन के समय सूने मकानों को निशाना बनाते थे।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

दुर्ग पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान एएसपी शहर सुखनंदन राठौर और सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी भी मौजूद रहे।

Share This Article