सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाएं समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग पुलिस ने 1600 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 13 लाख से अधिक के जेवर-नगदी बरामद; चोरी का माल गिरवी रखने वाला ज्वेलर्स संचालक भी पकड़ा गया

भिलाई, दुर्ग पुलिस को जिले में लगातार सूने मकानों में हो रही चोरी की वारदातों के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और चोरी में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू और थाना वैशाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम को सक्रिय किया गया था। टीम द्वारा लगातार गश्त, मॉर्निंग पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक नौशाद की गतिविधियां सामने आईं।

पुलिस ने नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कई अहम खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला है और खुर्सीपार स्थित अपने ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चलाने का काम करता था। दिन में वह सूने मकानों की रेकी करता और रात में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से आरोपी ने हीरो डेस्टिनी वाहन खरीदा था। आरोपियों ने गुरूनानक नगर, वैशाली नगर, जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पदुमनगर समेत बालोद जिले के करहीभदर क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चोरी के सोने-चांदी के जेवर महिलाओं के माध्यम से पावर हाउस स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे। मामले में पुलिस ने ज्वेलरी दुकान संचालक को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इस मामले में नौशाद, नगीना, मदीना और दुर्गेश गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में और भी कई चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है।

Share This Article