“शहीद वीर नारायण सिंह इलेवन” बनी चैंपियन, हजारों दर्शकों की मौजूदगी में खेल, उत्साह और सामाजिक एकता का दिखा संगम
भिलाई, भिलाई-चरोदा, ग्राम गनियारी में आयोजित गनियारी प्रीमियर लीग “GPL Trophy” का भव्य समापन रोमांचक मुकाबलों, शानदार आतिशबाजी और खिलाड़ियों के सम्मान समारोह के साथ हुआ। फाइनल मुकाबले में क्षेत्र के युवाओं, वरिष्ठ खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का स्वरूप दे दिया। देर रात तक मैदान में खेल प्रेमियों का उत्साह देखने लायक रहा।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में “शहीद वीर नारायण सिंह इलेवन” ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं “चंद्रशेखर आजाद इलेवन” उपविजेता रही। “डॉ. भीमराव अंबेडकर इलेवन” ने तृतीय तथा “जय हिंद इलेवन” ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में टिकेश्वर खुटेल को मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार मिला। दुर्गेश को बेस्ट बॉलर, तेजेश्वर रिगरी को बेस्ट फील्डर तथा सर्वाधिक छक्के लगाने के लिए भी टिकेश्वर खुटेल को सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए मनी राम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विजेता टीम को 11 हजार रुपए, उपविजेता को 7 हजार रुपए, तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 5 हजार रुपए एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम को 3 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर निर्मल कोसरे रहे। अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद भिलाई-चरोदा श्रीमती सीता साहू ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला भिलाई के प्रवक्ता प्रेमलाल साहू एवं पूर्व पार्षद धर्मेंद्र कोसरे उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा भिलाई-3 मंडल की मंत्री डॉ. निर्मला भारती, प्रथम पार्षद लता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि निर्मल कोसरे ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि गनियारी प्रीमियर लीग जैसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें नशे और गलत प्रवृत्तियों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में सीता साहू ने कहा कि गनियारी में खेल और सामाजिक समरसता का जो अद्भुत संगम देखने को मिला, वह प्रेरणादायी है। गांव की प्रतिभाओं को मंच देने वाले ऐसे आयोजन भविष्य में और व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

अतिविशिष्ट अतिथि प्रेमलाल साहू ने कहा कि “GPL Trophy” केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि गांव की एकता, युवा शक्ति और सामाजिक समरसता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि महान विभूतियों के नाम पर टीमों का गठन युवाओं को देशभक्ति, संघर्ष और समाज सेवा की प्रेरणा देता है।गनियारी प्रीमियर लीग के फाइनल में उमड़ा जनसैलाब, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर बजी तालियां
कार्यक्रम का संचालन युगांत गिरी गोस्वामी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूर्व पार्षद धर्मेंद्र कौशल ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, ग्रामीणजन एवं युवा उपस्थित रहे।


