प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोमनाथ मंदिर पूजा का हुआ सीधा प्रसारण, श्रद्धालुओं ने प्रदेश और शहर की सुख-समृद्धि की कामना की
दुर्ग। देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : अटूट आस्था के 1000 वर्ष” कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग निगम महापौर अलका बाघमार, कलेक्टर अभिजीत सिंह, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व मंत्री रमशिला साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल और महापौर अलका बाघमार ने प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और शहरवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भी भगवान शिव के दर्शन कर क्षेत्र की उन्नति एवं शांति की प्रार्थना की।
इस अवसर पर गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई विशेष पूजा-अर्चना का सीधा प्रसारण भी श्रद्धालुओं को दिखाया गया। प्रसारण के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह देखने को मिला और श्रद्धालु मंत्रोच्चार एवं जयघोष के साथ आयोजन में सहभागी बने।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, आस्था और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। हजारों वर्षों से भारतीय परंपराएं समाज को एकता, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने देवबलौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर को श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र के विकास और जनकल्याण की कामना की।


