12 मई की कुछ भूखंड नीलामी अब 15 मई को आयोजित होगी, बाकी प्रक्रिया यथावत जारी
भिलाई-03, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा क्षेत्रांतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर, हथखोज व्यावसायिक परिसर के भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया में पहले दिन उत्साहजनक प्रतिसाद देखने को मिला। नीलामी के दौरान 15 भूखंडों की बोली लगाई गई, जिनमें भूखंडों की कीमत 32 लाख से 40 लाख रुपए तक पहुंची। बड़ी संख्या में व्यवसायियों एवं निवेशकों ने नीलामी प्रक्रिया में रुचि दिखाई।

निगम प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मई को प्रस्तावित कुछ भूखंडों की नीलामी अपरिहार्य कारणों से अब 15 मई को आयोजित की जाएगी। हालांकि शेष भूखंडों की आम नीलामी प्रक्रिया पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

बताया गया कि दूसरे दिन कुल 59 भूखंडों की नीलामी अलग-अलग चरणों में की जाएगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज व्यावसायिक परिसर को व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जा रहा है, जिसके चलते भूखंडों के प्रति व्यवसायिक वर्ग में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
निगम अधिकारियों के अनुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा रही है तथा प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


