सुपेला में जनमित्र कार्यक्रम आयोजित, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने नागरिकों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
भिलाई, दुर्ग पुलिस द्वारा आम नागरिकों को नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाशगंगा मार्केट में जनमित्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सब्जी व्यापारियों, मजदूरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणाम, साइबर ठगी से बचाव के उपाय और यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और पुलिस-जन सहयोग से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा संबंधी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1933, साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए 1930 तथा यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना देने के लिए 1033 नंबर पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।
वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों से क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आमजन की सहभागिता बेहद आवश्यक है।
जनमित्र कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में सुपेला थाना पुलिस स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए लोगों को जागरूक किया और विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति सतर्क और जागरूक रहें तथा किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।



