चरोदा के नर्मदेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएसपी प्रशांत पैकरा ने साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
भिलाई, बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा नागरिक सुरक्षा अभियान के तहत जन मित्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चरोदा के पंचशील नगर स्थित नर्मदेश्वर मंदिर परिसर के पास आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने लोगों को साइबर अपराधों के नए तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठग फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया लिंक और बैंकिंग संबंधी झूठे संदेशों के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक और सावधान रहने की आवश्यकता है।

सीएसपी पैकरा ने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध कॉल या मैसेज का जवाब न दें तथा अपनी बैंकिंग जानकारी, एटीएम पिन और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पुलिस अधिकारियों से साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। दुर्ग पुलिस की ओर से नागरिकों के बीच साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट और आवश्यक जानकारी भी वितरित की गई, ताकि लोग जागरूक होकर ठगी से बच सकें।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं और इससे आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने में मदद मिलेगी। दुर्ग पुलिस का यह अभियान लोगों को सुरक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता, यू.के. पटेल, मेहतर लाल वर्मा, रमेश चंद्र पांडे, एम. श्रीनिवास राव, ए. वेंकटसम, महेश वर्मा, वीरेंद्र गढ़ेवाल, रवींद्र सिंह, उषा दुबे, शिखा चक्रवर्ती, मंजरी सिंह, माया पांडेय, ज्योति अग्रवाल, मिताली सरकार, रीना बरुआ, प्रजाति दुबे, सुदामा परघानिया, वाई. दुर्गा राव, बिश्वनाथ सिन्हा, धीरेंद्र प्रसाद, ए. वेंकट राव, राम लखन प्रसाद, एम. रघुनाथ, रमेश भोई, प्रमोद कुमार भट्ट, एस. लक्ष्मी नारायण एवं अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



