भिलाई, नगर निगम भिलाई क्षेत्र में सुशासन तिहार के अंतर्गत नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 40 वार्डों के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों के सुचारू संचालन हेतु कार्यपालन अभियंता रवि सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही सहायक नोडल अधिकारियों, शिविर प्रभारियों एवं सहयोगी कर्मचारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यक्रम के तहत पहला शिविर 5 मई को भिलाई चरोदा नगर क्षेत्र स्थित सामुदायिक भवन उमदा में आयोजित होगा, जिसमें वार्ड क्रमांक 1 से 6 तक के नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
दूसरा शिविर 11 मई को मंगल भवन, भिलाई-3 में लगाया जाएगा। इसमें वार्ड क्रमांक 7 से 17 तक के रहवासी अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन दे सकेंगे।
तीसरा शिविर 20 मई को सामुदायिक भवन, चरौदा में आयोजित होगा, जहां वार्ड क्रमांक 18 से 29 तक के नागरिक शामिल हो सकेंगे। इस शिविर के लिए सहायक अभियंता को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
चौथा और अंतिम शिविर 28 मई को सामुदायिक भवन, सोमनी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें वार्ड क्रमांक 30 से 40 तक के रहवासी अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। इस शिविर के सहायक नोडल अधिकारी हेमंत साहू होंगे।
सभी शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।


